चार पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ गया 12वीं का छात्र: लिखा- मरने के बाद मिलेगा न्याय, स्कूल प्रशासन पर सवाल…

12वीं के छात्र कमलेश जायसवाल की मौत से हड़कंप: सुसाइड नोट में लिखा– जीते जी नहीं मिला न्याय; प्रिंसिपल सुमंतो विश्वास और टीचर अनुपम पाल पर लगाए मानसिक प्रताड़ना के आरोप

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के आरस्मेटा गांव में 12वीं कक्षा के छात्र कमलेश जायसवाल (18) की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। छात्र ने अपने घर में आत्महत्या कर ली। मृतक ने चार पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने लिखा है कि “जीते जी मुझे न्याय नहीं मिला, शायद मरने के बाद मिलेगा।”

सुसाइड नोट में कमलेश ने न्यू पब्लिक स्कूल के प्राचार्य सुमंतो विश्वास और शिक्षक अनुपम पाल पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने लिखा है कि स्कूल से जुड़े घटनाक्रमों ने उसे गहरे अवसाद में डाल दिया।

परिजनों के अनुसार, कमलेश रविवार रात अपने कमरे में सोने गया था। सोमवार सुबह जब वह बाहर नहीं आया तो दरवाजा तोड़कर देखा गया, जहां वह मृत अवस्था में मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप:

कमलेश ने अपने पत्र में लिखा है कि प्री-एग्जाम के दौरान धनराज साहू नामक छात्र ने उसे मारने की कोशिश की थी। इसके बाद उसने मुलमुला थाने में शिकायत भी की, लेकिन मारपीट की घटना के बावजूद स्कूल प्राचार्य ने उसे ही दोषी ठहरा दिया।

उसने आगे लिखा कि 11वीं तक सब ठीक था, लेकिन परीक्षा से एक माह पहले क्लास 8 की एक छात्रा द्वारा उसके खिलाफ गलत बातें फैलाने और चरित्र पर आरोप लगाने शुरू किए गए। जब उसने छात्रा से बात की तो उसकी मां ने उल्टा शिकायत कर दी कि कमलेश उसकी बेटी को परेशान कर रहा है।

कमलेश ने यह भी लिखा कि इसके बाद क्लास टीचर ने उसे डांटा और उसके माता-पिता को स्कूल बुलाया गया, जिससे वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गया।

इंस्टाग्राम, पैसे और मारपीट का जिक्र:

सुसाइड नोट के अनुसार, जब कमलेश 10वीं में था, तब उसकी क्लास टीचर अनुपम पाल थीं। उसी दौरान एक जूनियर छात्रा ने उसे इंस्टाग्राम पर फॉलो करना शुरू किया और बाद में पैसों व मोबाइल रिचार्ज की मांग करने लगी। कमलेश ने दोस्तों से पैसे लेकर रिचार्ज कराए।

बाद में उसी छात्रा ने स्कूल के सीनियर धनराज साहू को मैसेज कर दिया कि “कमलेश मुझे परेशान कर रहा है”, जबकि कमलेश का दावा है कि ऐसा कुछ नहीं था। इसके बाद धनराज साहू ने स्कूल के बाहर आकर उसके साथ मारपीट की।

पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नोट में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में गहरा शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *