दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकर नगर स्थित बुद्ध कुटीर के पास की है। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें किशोरी ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा है “सॉरी मम्मी-पापा”।
कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तब हुआ शक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम किशोरी निशा गोस्वामी (16 वर्ष) घर के कमरे में थी। परिजनों ने जब उसे आवाज दी और काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद दरवाजा खोला गया, जहां किशोरी को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया।
घटना की सूचना तुरंत मोहन नगर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के बाद शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई की गई और फिर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में किशोरी ने अपने इस कदम के लिए माता-पिता से माफी मांगी है, लेकिन आत्महत्या के कारणों का कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि नोट की हैंडराइटिंग और भाषा की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर एंगल से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं,किशोरी की स्कूल लाइफ, दोस्तों और हालिया गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है, मानसिक तनाव, पारिवारिक या अन्य किसी परेशानी की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना को लेकर शोक और स्तब्धता का माहौल है।