हाईटेंशन तार गिरने से 2 युवकों की मौत: धू धू करते जलते रहे शव कोई आग बुझा भी नहीं पाया…

एका के नगला बाबन पट्टी में हाईटेंशन तार गिरा, भूपेंद्र और प्रदीप शाक्य की मौत; 4 घंटे तक चला विरोध

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के एका नगला बाबन पट्टी गांव में हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान भूपेंद्र (28 वर्ष) और प्रदीप शाक्य (28 वर्ष) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर नीचे गिरा, जिसकी चपेट में दोनों युवक आ गए। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए करीब चार घंटे तक शव नहीं उठने दिए और मौके पर प्रदर्शन किया।

सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से जसराना के तहसीलदार प्रेम प्रकाश पांडे, कानूनगो रवीश कुमार, रामनिवास सिंह और लेखपाल चंद्रशेखर सहित अन्य अधिकारी गांव पहुंचे और परिजनों से बातचीत की।

ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए बिजली विभाग ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवज़ा और 5-5 बीघा जमीन का पट्टा देने का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थिति शांत हुई और पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली लाइनों की नियमित जांच और मरम्मत की मांग भी उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *