6 इंच जमीन बना मौत की वजह: भतीजे ने चाचा का गला काटकर की हत्या, फरसे समेत थाने पहुंचकर किया सरेंडर…

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिला से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां महज 6 इंच जमीन के पुराने पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गितकेरा में भतीजे ने अपने ही चाचा की फरसे से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खून से सना फरसा हाथ में लेकर सीधे थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

जानकारी के अनुसार ग्राम गितकेरा में चाचा और भतीजे के बीच घर बनाने को लेकर करीब 10 साल से विवाद चल रहा था। विवाद सिर्फ 6 इंच जमीन को लेकर था, जिस पर दोनों पक्ष अपना-अपना दावा कर रहे थे।
शुक्रवार को एक बार फिर इसी जमीन को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर भतीजे ने पास रखे फरसे से चाचा के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।

गंभीर चोट लगने से चाचा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, वारदात इतनी भयावह थी कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए।

इस खौफनाक घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खून से लथपथ चाचा का शव जमीन पर पड़ा दिखाई दे रहा है। वीडियो के सोशल मीडिया पर फैलते ही इलाके में दहशत और गुस्सा दोनों बढ़ गए हैं।

हत्या के तुरंत बाद आरोपी भतीजा खून से सना फरसा लेकर सीधे पलारी थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने फरसा जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पलारी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद ही हत्या का मुख्य कारण सामने आया है। पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

इस घटना के बाद ग्राम गितकेरा और आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पारिवारिक विवादों का इस तरह हिंसक रूप लेना बेहद डरावना है। स्थानीय लोगों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में जमीन विवादों को लेकर आपसी हत्याएं पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन महज 6 इंच जमीन के लिए किसी की जान जाना समाज के लिए गंभीर चेतावनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *