भिलाई। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने एक वीडियो बयान जारी कर भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “सुशासन की सरकार” में एक के बाद एक ऐसे कारनामे सामने आ रहे हैं, जो सीधे‑सीधे भ्रष्टाचार की ओर इशारा करते हैं।
वीडियो लिंक :- https://www.instagram.com/reel/DTaWSbLiAd_/?igsh=Zjl6azh5MHhibmpy
देवेंद्र यादव ने कहा कि कुछ समय पहले कवर्धा जिले में प्रशासन की रिपोर्ट में यह दावा किया गया कि 7 करोड़ रुपए का धान चूहे खा गए। उस मुद्दे को कांग्रेस ने उठाया, देशभर की मीडिया ने प्रमुखता से दिखाया, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
अब मामला थमने के बजाय और गंभीर होता जा रहा है। विधायक ने कहा कि महासमुंद जिले से आज अखबारों में बड़ी सुर्खियां छपी हैं, जहां 5 करोड़ 71 लाख रुपए का धान चूहों के खाते में डाल दिया गया।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा:-
ये क्या हो रहा है? जिला प्रशासन क्या कर रहा है? सरकार क्यों चुप बैठी है? सुशासन आखिर है कहां?
देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि चूहों को दोषी ठहराकर असली जिम्मेदारों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
ये साफ‑साफ भ्रष्टाचार और गड़बड़ी का मामला है। चूहे बेजुबान हैं, उनके पास जुबान नहीं है, इसलिए उनके नाम पर चिट्ठियां लिखकर खुद को बचाने का खेल चल रहा है।
विधायक ने सरकार को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा:-
होश में आ जाइए, वरना जनता 2028 में आपको पूरी तरह उखाड़ फेंकेगी। फिर आप ये भी नहीं कह पाएंगे कि हमारी सरकार को चूहे खा गए।
देवेंद्र यादव के इस बयान के बाद धान खरीदी, भंडारण और प्रशासनिक जिम्मेदारी को लेकर एक बार फिर सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।