केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने फहराया तिरंगा, परेड की ली सलामी
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 77वां गणतंत्र दिवस (26 जनवरी 2026) पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिले का मुख्य समारोह रविशंकर स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने मुख्य अतिथि के रूप में तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के राज्य स्तरीय संदेश का वाचन किया, जिसमें लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रतिबद्धता को दोहराया गया।
कार्यक्रम की प्रमुख झलकिया:-
सुबह 9 बजे ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई-
ध्वजारोहण के पश्चात हर्ष फायर और भव्य मार्च पास्ट का आयोजन किया गया। पुलिस, स्थानीय प्रशासन, एनसीसी, एनएसएस एवं स्कूली दलों ने परेड में सहभागिता की। स्कूली बच्चों ने “सारे जहां से अच्छा” और “वंदे मातरम” जैसे देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
संविधान के प्रति निष्ठा का संदेश देते हुए संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया गया।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपने संबोधन में कहा कि:-
भारत का भविष्य उसके युवाओं के हाथ में है। संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी सीख देता है। युवा शक्ति यदि राष्ट्र निर्माण में सहभागी बने, तो देश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
उन्होंने सभी नागरिकों से संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरा रविशंकर स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।