दरभंगा। बिहार के दरभंगा से नववर्ष की रात दोस्तों के साथ पार्टी मनाने गया दो युवकों का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दरभंगा के कबीरचक गांव में लापता दोनों दोस्तों में से एक चुन्नू महतो का शव खेत से बरामद हुआ, जबकि दूसरे बादल कुमार की बॉडी को पुलिस ने मिट्टी खोदकर निकाला। जांच में यह भी पता चला है कि दोनों की हत्या की गई थी और शवों को अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया गया था।
1 जनवरी की रात चुन्नू महतो और बादल कुमार अपने दोस्तों के साथ न्यू ईयर पार्टी में गए थे। इसके बाद दोनों लापता हो गए। उनके घर पर न लौटने और मोबाइल लोकेशन ना मिलने पर परिजनों ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस जांच के दौरान चुन्नू महतो का शव पोखरसामा गांव के एक खेत से बरामद किया गया। शव के पास नारियल की नई रस्सी और गर्दन पर चाकू के निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका पुख्ता हो गई।
बादल कुमार की तलाश में जुटी पुलिस को एक बगीचे में जमीन खोदने पर उसकी बॉडी बरामद हुई। पुलिस ने पहले छोटू कुमार को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में बादल की हत्या की बात कबूल कर दी। शव को करीब तीन फीट गहरे गड्ढे में दफनाया गया था।
पुलिस पूछताछ के दौरान पता चला कि दोनों दोस्तों के बीच पुरानी रंजिश और विवाद था, जिसे सुलझाने के बहाने छोटी पार्टी रखी गई थी। बाद में उसी विवाद में उन्हें मार डाला गया। मृतकों के परिजन भी कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगा चुके हैं, जिसमें शराब कारोबारी छोटू कुमार और अन्य का नाम सामने आया है।
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी व पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट की सहायता से पूरे मामले की गहराई से जांच हो रही है। पूरे इलाके में इस घटना से आक्रोश और डर का माहौल है।