गुड फ्राइडे पर भिलाई में निकला श्रद्धा का जुलूस, प्रेम-क्षमा का दिया संदेश: क्रूस मार्ग पर श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था: जगह-जगह शरबत-पानी वितरण…

क्रूस मार्ग पर श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था, जगह-जगह शरबत-पानी वितरण

भिलाई। ईसा मसीह के सर्वोच्च बलिदान, प्रेम, क्षमा और करुणा को स्मरण करने का पावन पर्व गुड फ्राइडे पूरे श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ईसाई समाज द्वारा भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

जुलूस सेंट्रल एवेन्यू से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़ा। श्रद्धालु अपने कंधों पर क्रूस लेकर चल रहे थे और प्रभु यीशु के बलिदान को याद करते हुए प्रार्थना कर रहे थे। यह पवित्र अवसर मानवता, त्याग और आशा का संदेश देता है, जो हर व्यक्ति के जीवन को नई दिशा और शांति प्रदान करता है।

ईसाई समाज दुर्ग-भिलाई कैथोलिक चर्च के तत्वावधान में क्रूस मार्ग सेक्टर-9 चौक से प्रारंभ होकर कैथोलिक चर्च सेक्टर-6 में संपन्न हुआ। जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शरबत, मट्ठा और पानी की व्यवस्था की गई, जिससे सेवा भाव का भी सुंदर उदाहरण देखने को मिला।

इस आयोजन को सफल बनाने में कामिल राबर्ट एंटोनी, साजन, आर. अरुण, श्याम मलेकर, एन. कुमार, जोशी विक्टर, जोसफ आंतोनी, विजय दुबे, जी. अरुण, ज्ञानचंद, उत्कर्ष, अर्शदीप, एलिना, ओबेद सहित अन्य लोगों का विशेष योगदान रहा।

गुड फ्राइडे के इस पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, शांति और सेवा का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *