हादसा या हत्या? पत्नी के प्रेम संबंधों के बीच युवक की बाइक एक्सीडेंट में मौत…

बॉयफ्रेंड संग रहूंगी” सुनने के बाद पति की मौत: झांसी में बाइक भिड़ंत, पिता ने लगाया साजिशन हत्या का आरोप

झांसी। झांसी जिले में एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद मामला गंभीर विवाद में घिर गया है। मृतक के पिता ने इसे सिर्फ हादसा नहीं बल्कि साजिशन हत्या बताया है। आरोप है कि मृतक की पत्नी के किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध थे और वह पति के साथ रहने को तैयार नहीं थी।

मृतक की पहचान कमलेश (24) पुत्र बृजकिशोर कुशवाहा, निवासी बनगुंआ गांव, बड़ागांव थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। कमलेश की शादी साल 2021 में हुई थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी।

कमलेश के पिता बृजकिशोर कुशवाहा ने बताया कि शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में बहू का छपरा गांव के एक युवक से बातचीत की जानकारी सामने आई। करीब चार महीने पहले कमलेश ने अपनी पत्नी को बॉयफ्रेंड से बात करते हुए पकड़ लिया था, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था।

परिजनों के अनुसार, वे बहू को बार-बार घर बुला रहे थे, लेकिन वह आने से मना कर रही थी। उसका साफ कहना था कि वह अब अपने प्रेमी के साथ ही रहेगी।

शनिवार को कमलेश अपनी पत्नी को लेने बड़ागांव गया, जहां पत्नी ने घर आने से फिर इनकार कर दिया और कहा कि वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ ही रहेगी। इसी बात को लेकर वहां विवाद हुआ।

इसके बाद कमलेश बाइक से घर लौट रहा था। कोहाभांवर के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग घायल हुए हैं।

विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी निखिल ठाकुर ने बताया कि यह दो बाइकों की सीधी टक्कर का मामला है। कमलेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से लिखित शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *