शासकीय चिकित्सक की नौकरी दिलाने के नाम पर 20 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ़्तार; थाना सिटी कोतवाली दुर्ग की बड़ी कार्यवाही…

दुर्ग। शासकीय चिकित्सक के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को थाना सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 420 भादवि के तहत कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 अगस्त 2025 को प्रार्थी सचिन मालगी (43 वर्ष), पिता स्व. कम्पन्ना आर. मालगी, निवासी मकान नंबर 12, कदम कैपिटल टाउन, अंजोरा, चौकी अंजोरा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग (छ.ग.) ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था।

आवेदन में प्रार्थी ने आरोप लगाया कि विकास चंद्राकर नामक व्यक्ति ने उसे शासकीय चिकित्सक के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और इस एवज में कुल 20 लाख रुपये प्राप्त किए। बावजूद इसके न तो नौकरी लगवाई गई और न ही पूरी राशि वापस की गई।

प्रथम दृष्टया जांच में मामला धोखाधड़ी का पाए जाने पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 411/2025, धारा 420 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा आरोपी की लगातार पता साजी की जा रही थी। सूचना मिलने पर आरोपी को तलब कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने मेमोरेंडम कथन में स्वीकार किया कि उसने मई 2023 में प्रार्थी से डॉक्टर की नौकरी लगाने के नाम पर 20 लाख रुपये लिए थे।

नौकरी नहीं लग पाने पर आरोपी ने विभिन्न किश्तों में 8 लाख रुपये प्रार्थी सचिन मालगी एवं उसकी पत्नी कीर्ति पटानी के खाते में वापस किए। शेष 13 लाख रुपये लौटाने के लिए आरोपी ने भारतीय स्टेट बैंक के अपने खाते के दो चेक (5 लाख और 8 लाख रुपये) दिए थे।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने जानबूझकर अपने बैंक खाते में पे-ऑप्शन सक्रिय नहीं कराया, जिससे चेकों का भुगतान न हो सके। इससे आरोपी की धोखाधड़ी की मंशा स्पष्ट रूप से प्रमाणित हुई।

पुलिस ने आरोपी के कृत्य को अपराध सिद्ध पाए जाने पर विधिवत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी का पता-
नाम: विकास चंद्राकर
पिता: गिरधारी लाल चंद्राकर
उम्र: 39 वर्ष
निवास: मकान नंबर 01, विवेक मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल, त्रिमूर्ति कॉलोनी के पास
जिला: महासमुंद (छत्तीसगढ़)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *