सामूहिक विवाह में उम्र बनी बाधा, वेलेंटाइन वीक में लिव-इन जोड़े की मौत से गांव में मातम
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पनकोटा गांव में वेलेंटाइन वीक के दौरान लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे प्रेमी जोड़े अनीता भैना (20) और कृष्णा भैना उर्फ कृष्णकुमार (18) की आत्महत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक पुलिस जांच में शादी टलना और बुधवार रात की कहासुनी मुख्य वजह के रूप में सामने आई है।
जानकारी के अनुसार 10 फरवरी को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विवाह कार्यक्रम आयोजित होना था। अनीता और कृष्णा भी इसी योजना के तहत शादी करना चाहते थे।
लेकिन कृष्णा की उम्र 18 वर्ष होने के कारण उसका नाम सूची से हटा दिया गया। परिजनों ने समझाइश दी कि कानूनी उम्र पूरी होने तक इंतजार करें, मगर दोनों जल्द शादी के पक्ष में थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद अनीता ने घर में फांसी लगा ली।
कृष्णा ने उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रेमिका की मौत से सदमे में कृष्णा ने गांव के नीलगिरी प्लॉट में करीब 15 फीट ऊंचे पेड़ पर फांसी लगा ली।
दोनों की मुलाकात करीब डेढ़-दो साल पहले एक शादी समारोह में हुई थी।
परिजनों की सहमति से वे लिव-इन रिलेशनशिप में एक ही घर में रह रहे थे।
अनीता कोटा/हमाली थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं।
कृष्णा सिंह उर्फ कृष्णकुमार भैना पनकोटा/अमलिहा गांव का निवासी था।
परिजनों के अनुसार दोनों के बीच गहरा लगाव था और परिवार भी शादी के लिए तैयार था, लेकिन कानूनी उम्र आड़े आ गई।
कृष्णा की नानी और बहन ने बताया कि दोनों शादी करना चाहते थे। परिवार ने समझाया था कि उम्र कम है, कुछ समय बाद विधिवत शादी कर देंगे।
अनीता के परिवार ने भी शादी की तैयारी की बात कही है। दोनों परिवारों की सहमति से ही वे साथ रह रहे थे।
पेंड्रा थाना पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया।
घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, हालांकि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों के बीच दोनों के गहरे प्रेम की चर्चा हो रही है। वैलेंटाइन वीक के दौरान हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।