रायपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में है। कामधेनु विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के दौरान मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने हंसते हुए कहा कि प्लास्टिक बोतलों में रखी शराब से कैंसर होता है या नहीं, इस बारे में वे अनुभव के आधार पर ही कुछ कह पाएंगे।
मंत्री से राज्य सरकार द्वारा प्लास्टिक बोतलों में शराब बिक्री के फैसले और उसके स्वास्थ्य प्रभाव को लेकर सवाल किया गया था। इसी संदर्भ में उन्होंने यह बात कही, जिसके बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब कृषि मंत्री अपने बयान या आचरण को लेकर सुर्खियों में आए हों। इससे पहले भी वे अश्लील गानों पर डांस के मुद्दे पर कला बताने से खुद को अलग नहीं कर पाए थे, जिस पर उस समय भी सार्वजनिक बहस देखने को मिली थी।
मंत्री के ताजा बयान को लेकर विपक्ष ने सरकार पर गंभीर विषयों को हल्के में लेने का आरोप लगाया है, वहीं समर्थकों का कहना है कि बयान को सवाल के संदर्भ से अलग कर पेश किया जा रहा है। पूरे मामले ने एक बार फिर जनप्रतिनिधियों की सार्वजनिक टिप्पणियों और जिम्मेदारी को लेकर चर्चा तेज कर दी है।