विधायक कॉलोनी में एयरफोर्स के विंग कमांडर की मौत, घर में फंदे से लटका मिला शव

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित पुरैना की विधायक कॉलोनी में एयरफोर्स के एक विंग कमांडर का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विंग कमांडर विपुल यादव (39) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार घटना बंगला नंबर 79 की बताई जा रही है। बुधवार को घर के अंदर उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि विपुल यादव मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले थे और परिवार के साथ रायपुर की विधायक कॉलोनी में रह रहे थे। घटना के समय उनकी पत्नी दिल्ली में थीं, जबकि उनके बच्चे घर पर ही मौजूद थे।

पुलिस के अनुसार फिलहाल मामले में जांच शुरू कर दी गई है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं घटना की जानकारी एयरफोर्स के वरिष्ठ अधिकारियों को भी दे दी गई है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *