रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 8 जुलाई को सुबह 11:30 बजे नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में राज्य मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। खरीफ सीजन और आगामी विधानसभा सत्र को देखते हुए इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है।
बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दों पर विशेष फोकस रहने की संभावना है। धान उत्पादन, कृषि ऋण वितरण, सहकारी समितियों के माध्यम से ऋण उपलब्धता, प्रमाणित बीजों की आपूर्ति और खाद की उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश भी दिए जा सकते हैं।
इसके अलावा आगामी विधानसभा सत्र के लिए अनुपूरक बजट को अंतिम रूप देने, विभिन्न विभागों की अतिरिक्त वित्तीय आवश्यकताओं तथा नए प्रस्तावों पर भी मंत्रिपरिषद विचार कर सकती है। कई महत्वपूर्ण विधेयकों और सरकारी प्रस्तावों को भी कैबिनेट की मंजूरी मिलने की संभावना है।
मानसून के मद्देनज़र आपदा प्रबंधन, सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों की भी समीक्षा होगी। सरकार का उद्देश्य बारिश के मौसम में आम जनता और किसानों को राहत देने वाले निर्णयों के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।
राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे राज्य सरकार की आगामी प्राथमिकताओं की तस्वीर भी साफ हो सकती है।