फेल को पास कराने और रिजल्ट सुधारने के नाम पर मांगे जा रहे पैसे; मण्डल ने कहा- किसी भी तरह का लेन-देन न करें, पुलिस में दर्ज कराएं शिकायत
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल की द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा समाप्त हो चुकी है और फिलहाल उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का काम चल रहा है। इसी बीच बोर्ड ने विद्यार्थियों और पालकों को फर्जी फोन कॉल से सावधान रहने की अपील की है।
मण्डल ने बताया कि वर्ष 2024 और 2025 में भी बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी होने के पहले और बाद में कुछ विद्यार्थियों एवं पालकों को फर्जी कॉल आने की शिकायतें सामने आई थीं। इन कॉल में ठगों द्वारा परीक्षा परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने या अनुत्तीर्ण विद्यार्थी को उत्तीर्ण कराने का झांसा देकर पैसे की मांग की गई थी।
पैसे मांगे तो समझिए फर्जी कॉल
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति परीक्षा परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने या पास कराने के नाम पर फोन अथवा किसी अन्य माध्यम से संपर्क करता है और धनराशि की मांग करता है, तो उस पर बिल्कुल विश्वास न करें।
मण्डल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि ऐसे किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें और किसी प्रकार का आर्थिक लेन-देन न करें।
फर्जी कॉल आए तो पुलिस में करें शिकायत
मण्डल के अनुसार, ऐसे फर्जी कॉल प्राप्त होने पर तत्काल अपने नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं। मण्डल ने साफ किया है कि इस तरह के फर्जी कॉल या पैसे की मांग से उसका कोई संबंध नहीं है।
विद्यार्थियों और पालकों से अपील की गई है कि वे किसी भी लालच या झांसे में न आएं और बोर्ड परीक्षा परिणाम को लेकर आने वाले संदिग्ध फोन कॉल के प्रति सतर्क रहें।