बलरामपुर जिले के 6,968 परिवारों को मिला अपना पक्का आशियाना
-प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत वृहद गृह प्रवेश, नए घरों की चौखट पर खिले हितग्राहियों के चेहरे
-कलेक्टर के नेतृत्व में समय-सीमा में पूर्ण हुए 6,968 आवास, सेवा संकल्प
-कलेक्टर ने दी गृह प्रवेश की बधाई, कहा – पक्का आवास परिवार की सुरक्षा और सम्मान का आधार
बलरामपुर 12 सितंबर 2026/
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में ग्रामीण विकास एवं आवासहीन जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 01 अप्रैल 2026 से अब तक पूर्ण हुए कुल 6,968 नवनिर्मित आवासों का भव्य एवं सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम 11 सितंबर 2026 को पूरे जिले में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के पूर्व हजारों परिवारों का अपने स्वयं के पक्के घर में प्रवेश जिले के लिए विशेष उपलब्धि बन गया।
जिले के सभी विकासखंडों में पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति में परंपरागत रीति-रिवाज और पूजा-अर्चना के साथ हितग्राहियों को चाबी सौंपकर उनके नए घरों में प्रवेश कराया गया। वर्षों तक कच्चे मकानों में जीवन बिताने वाले परिवारों के लिए यह क्षण अत्यंत भावुक और गौरवपूर्ण रहा। विकासखंडवार स्थिति में रामचन्द्रपुर में 2,276, वाड्रफनगर में 1,772, कुसमी में 1,215, बलरामपुर में 1,142, राजपुर में 353 तथा शंकरगढ़ में 210 आवास पूर्ण किए गए हैं।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने गृह प्रवेश करने वाले सभी हितग्राही परिवारों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पक्का आवास केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र परिवार को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध हो और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने हितग्राहियों को आवास के साथ-साथ शासन की अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा अधिकारियों को शेष स्वीकृत आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने एवं सेवा संकल्प अभियान की तैयारियाँ समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदृष्टिपूर्ण संकल्प और हर आम आदमी के हित में उठाए जा रहे कदमों के कारण ही आज उनका अपने पक्के घर का सपना साकार हो सका है। उन्होंने शासन के सेवा के प्रति समर्पण भाव की सराहना करते हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प में अपनी सहभागिता प्रस्तुत करने की बात कही।
जिला प्रशासन के कुशल मार्गदर्शन एवं मैदानी अमले के सतत पर्यवेक्षण के फलस्वरूप निर्माण कार्य समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए गए। पक्की छत मिलने से लाभान्वित परिवारों ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया, वहीं प्रशासन ने शेष स्वीकृत आवासों को भी शीघ्रता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने का संकल्प दोहराया है।