मकर संक्रांति से पहले सख्ती! टाउनशिप में चाइनीज मांझा बेचते दो व्यापारी धराए, जोन-5 और पुलिस की छापेमारी; 4 हजार जुर्माना वसूल…

भिलाई। मकर संक्रांति को देखते हुए टाउनशिप क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ नगर निगम और पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। एक दिन पहले भिलाई में चाइनीज मांझा बेचने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई के बाद निगम की टीम ने पटरीपार क्षेत्र की 12 से अधिक दुकानों में जांच की।

इसी क्रम में जोन-5 नगर निगम टीम और कोतवाली सेक्टर-6 पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चाइनीज मांझा बेचते हुए दो व्यापारियों को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान सेक्टर-6 ए मार्केट स्थित सहेली फैंसी स्टोर्स और दुल्हन फैंसी स्टोर्स में छापेमारी की गई, जहां प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बिक्री के लिए रखा मिला।

टीम ने मौके से चाइनीज मांझा जब्त किया और दोनों दुकानदारों से 4 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। इसके बाद जब्त किए गए चाइनीज मांझे को मौके पर ही नष्ट किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि मकर संक्रांति पर पतंग उड़ाने के दौरान चाइनीज मांझे से हादसों की आशंका रहती है। दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और पक्षियों को गंभीर चोट लगने के मामलों को रोकने के लिए यह जांच अभियान चलाया गया।

प्रशासन ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचते पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल सुरक्षित सूती मांझे का ही उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *