दिल्ली: उत्तम नगर हत्याकांड में बड़ा एक्शन, आरोपी के घर पर चला बुलडोजर; कई गिरफ्तार…

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान हुए चर्चित हत्याकांड के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं मुख्य आरोपी से जुड़े मकान के अवैध हिस्सों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, होली के दौरान हुए विवाद में 26 वर्षीय युवक तरुण की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि मामूली झगड़े से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया और युवक पर हमला कर दिया गया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल बताया जा रहा है। जांच के दौरान एससी/एसटी एक्ट सहित कई धाराएं भी लगाई गई हैं और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

इधर, नगर निगम की टीम ने आरोपी से जुड़े मकान के अवैध हिस्सों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें गिरा दिया। अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह कार्रवाई नियमानुसार की गई है।

इस हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था, जिसके चलते अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। वहीं मृतक के परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *