NCB की पूछताछ में सामने आए नए लिंक, मेफेड्रोन बनाने के लिए रॉ मटेरियल सप्लाई पर फोकस
अंतरराष्ट्रीय। अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर सलीम डोला के नेटवर्क को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की जांच में सामने आया है कि उसके सिंडिकेट के तार केमिकल और फार्मा कारोबार से जुड़े लोगों तक फैले हुए हैं।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, डोला का नेटवर्क सिंथेटिक ड्रग ‘मेफेड्रोन’ के उत्पादन और सप्लाई में सक्रिय था। इसके लिए जरूरी रसायनों की सप्लाई कथित तौर पर कुछ केमिकल डीलरों और फार्मा सेक्टर से जुड़े लोगों के जरिए की जा रही थी।
NCB अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और कई संदिग्धों से पूछताछ जारी है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल्स कहां से आ रहे थे और किन-किन लोगों की इसमें भूमिका थी।
गौरतलब है कि सलीम डोला को हाल ही में तुर्किये से भारत लाया गया है। वह लंबे समय से फरार था और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग तस्करी का बड़ा नेटवर्क चला रहा था।
बताया जा रहा है कि डोला का सिंडिकेट भारत समेत कई देशों में फैला हुआ था और वह बड़े पैमाने पर ड्रग्स की सप्लाई करता था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद एजेंसियां इस पूरे रैकेट को जड़ से खत्म करने की दिशा में काम कर रही हैं।
सलीम डोला के नेटवर्क में केमिकल और फार्मा कनेक्शन सामने आने से जांच और गंभीर हो गई है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।