JAAC नेता उमर नज़ीर ने लोगों से व्यापक भागीदारी की अपील की, पाकिस्तान पर दमन, गिरफ्तारियों और नागरिक अधिकारों के उल्लंघन के आरोप।
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में रविवार (5 जुलाई) को बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के नेताओं ने दावा किया है कि पाकिस्तान सरकार की कार्रवाई, गिरफ्तारियों और कथित दमन के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरेंगे।
JAAC से जुड़े नेता उमर नज़ीर और अन्य पदाधिकारियों ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। संगठन का आरोप है कि हाल के दिनों में पाकिस्तान प्रशासन ने आंदोलन से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है, कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और क्षेत्र में संचार व आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं।
इससे पहले पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आरक्षित विधानसभा सीटों, महंगाई, बिजली, प्रशासनिक व्यवस्था और राजनीतिक अधिकारों को लेकर कई सप्ताह से विरोध प्रदर्शन जारी हैं। पाकिस्तान प्रशासन ने JAAC पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे प्रतिबंधित संगठन घोषित किया है, जबकि संगठन का कहना है कि उसका आंदोलन नागरिक और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए है।
वहीं, विभिन्न संगठनों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी इस मुद्दे पर ध्यान देने और पाकिस्तान पर मानवाधिकारों के सम्मान का दबाव बनाने की मांग की है। हालांकि पाकिस्तान सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और प्रदर्शनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।