रिंग रोड पार करते वक़्त ट्रक की टक्कर, कारोबारी की मौके पर मौत…

नमनाकला रिंग रोड पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार कारोबारी की मौत

अंबिकापुर। शहर के नमनाकला रिंग रोड पर मंगलवार को एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रह्लाद सोनी (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो स्थानीय व्यापारी थे।

जानकारी के अनुसार, प्रह्लाद सोनी घर से महज 30 मीटर की दूरी पर रिंग रोड पार कर बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पहले एक ट्रेलर को रुककर निकलने दिया। डिवाइडर पार करते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है।

दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे रिंग रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यह रिंग रोड हादसों का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है।

सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया गया है। शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजकर पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसके बाद यातायात बहाल किया गया।

प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और रिंग रोड क्रॉसिंग के दौरान सावधानी न बरतना हादसे के मुख्य कारण बताए जा रहे हैं।
प्रह्लाद सोनी की अचानक हुई मौत से परिवार सदमे में है। वे इलाके में एक सम्मानित व्यापारी के रूप में जाने जाते थे।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से रिंग रोड पर:-

स्पीड ब्रेकर लगाने

फुट ओवरब्रिज या सुरक्षित क्रॉसिंग व्यवस्था

भारी वाहनों की गति और प्रवेश पर नियंत्रण
जैसे तत्काल सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे हादसे दोहराते रहेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *