भिलाई। सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आज वरिष्ठ जनप्रतिनिधि पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे के निवास पहुंचकर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र की रिटेंशन स्कीम के तहत संयंत्र के आवासों में रह रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों पर हाल ही में लागू किए गए बढ़े हुए किराए को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की।
बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रिटेंशन स्कीम के जरिए वर्षों तक सेवा देने वाले कर्मचारियों को निवास सुविधा दी जाती है, लेकिन अचानक किराये में अत्यधिक वृद्धि किए जाने से सेवानिवृत्त कर्मचारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। कई कर्मचारी पेंशन पर निर्भर हैं, ऐसे में बढ़ा हुआ किराया उनके लिए वहन करना मुश्किल हो रहा है।
संघ के पदाधिकारियों ने प्रेम प्रकाश पांडे को ज्ञापन सौंपते हुए आग्रह किया कि वे इस मुद्दे पर प्रबंधन और संबंधित विभागों से चर्चा कर समाधान निकालने में सहयोग करें।
इस अवसर पर प्रेम प्रकाश पांडे ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे विषय को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हित में उचित कदम उठाने का प्रयास करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस मामले में सकारात्मक पहल होगी, ताकि रिटायर्ड कर्मचारियों को राहत मिल सके।