मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की

बस्तर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने एक दिवसीय दंतेवाड़ा प्रवास के दौरान आज बस्तर अंचल की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी के पावन एवं ऐतिहासिक मंदिर में श्रद्धा और आस्था के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने माँ दंतेश्वरी के चरणों में शीश नवाकर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास के लिए मंगलकामनाएँ कीं। उन्होंने कहा कि माँ दंतेश्वरी की कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो और बस्तर अंचल सहित पूरे राज्य में खुशहाली और सौहार्द बना रहे।

पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री साय ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद भी किया और बस्तर की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं पारंपरिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि माँ दंतेश्वरी बस्तर की आस्था का केंद्र हैं और यह क्षेत्र अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों के लिए पूरे देश में विशिष्ट पहचान रखता है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद महेश कश्यप, विधायक चैतराम अटामी, राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, संस्कृति सचिव रोहित यादव, आईजी बस्तर सुंदरराज पी., डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर देवेश ध्रुव, पुलिस अधीक्षक गौरव राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने माँ दंतेश्वरी के दर्शन कर प्रदेश की उन्नति, शांति और समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *