दुर्ग। किसान से 42 लाख रुपये की ठगी के मामले में कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को अदालत ने जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि विधायक ने किसान राज कुमार शर्मा से 10 ब्लैंक चेक लिए और उन पर फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक खाते से लाखों रुपये निकाल लिए। कोर्ट ने आरोपी को 22 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर भेजा है।
पीड़ित राज कुमार शर्मा किसान हैं और पिछले कुछ समय से विधायक बालेश्वर साहू के संपर्क में थे। भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने उनसे लेन-देन और काम दिलाने के नाम पर चेक हासिल किए।
जांच में सामने आया है कि विधायक बालेश्वर साहू ने किसान राज कुमार शर्मा से 10 खाली (ब्लैंक) चेक लिए बाद में इन चेकों पर फर्जी हस्ताक्षर कर अलग-अलग तारीखों में बैंक से रकम निकाली, इस तरह कुल 42 लाख रुपये की निकासी की गई।
जब किसान को अपने खाते से लगातार पैसे निकलने की जानकारी मिली, तो उसने बैंक जाकर जानकारी ली और फिर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट, चेक, हस्ताक्षर, ट्रांजैक्शन डिटेल की जांच कराई। जांच में यह साफ हुआ कि चेकों पर किए गए हस्ताक्षर किसान राज कुमार शर्मा के नहीं थे। इसके बाद विधायक के खिलाफ ठगी, धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी बालेश्वर साहू को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपी को 22 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, रिमांड के दौरान:-
निकाले गए 42 लाख रुपये कहां खर्च किए गए, क्या इस ठगी में बैंक या कोई अन्य व्यक्ति शामिल है, किसान के अलावा किसी और से भी इसी तरह ठगी तो नहीं की गई, इन सभी बिंदुओं पर पूछताछ की जाएगी।
कांग्रेस विधायक की गिरफ्तारी के बाद जिले की राजनीति में हलचल मच गई है। विपक्ष ने मामले को गंभीर बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है, वहीं पुलिस का कहना है कि कानून के सामने कोई भी बड़ा या छोटा नहीं होता।