भिलाई में शुद्ध पानी का संकट: वाटर एटीएम ठप, विधायक देवेंद्र यादव ने DMF से मरम्मत की उठाई मांग…

मटमैले और बदबूदार पानी से लोग परेशान, कलेक्टर को पत्र लिखकर जल्द कार्रवाई की अपील

भिलाई। टाउनशिप और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से मटमैले और बदबूदार पानी की आपूर्ति से लोग परेशान हैं। लगातार शिकायतों और ज्ञापनों के बावजूद बीएसपी प्रबंधन द्वारा समस्या पर ध्यान नहीं दिए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

जन स्वास्थ्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने कलेक्टर दुर्ग को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने जिला खनिज न्यास (DMF) मद से पूर्व में स्थापित वाटर एटीएम मशीनों के जल्द संधारण और मरम्मत की मांग की है।

विधायक ने पत्र में बताया कि बीते 2-3 वर्षों में स्लम और टाउनशिप क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई वाटर एटीएम लगाए गए थे। लेकिन समय पर संधारण नहीं होने के कारण अधिकांश मशीनें खराब हो चुकी हैं, जिससे लोगों को उनका लाभ नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस संबंध में नगर निगम को पहले भी अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसके चलते स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वार्डवासियों में आक्रोश है।

विधायक देवेंद्र यादव ने ग्रीष्मकाल में बढ़ते जल संकट को देखते हुए कलेक्टर से आग्रह किया है कि DMF फंड से सभी खराब वाटर एटीएम की जल्द मरम्मत और संधारण कार्य स्वीकृत कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को फिर से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *