बालोद में संतोषी बाई और थलेश ने लगाई फांसी: बैंक जाने का कहकर निकली महिला, 45KM दूर पेड़ पर मिले दोनों के शव
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां संतोषी बाई यादव (40) और थलेश खरांशु (25) के शव पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिले। घटना बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों अजुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम गद्दी के निवासी और पड़ोसी थे। संतोषी बाई शादीशुदा थी और उसके बेटे-बेटी भी हैं, जबकि थलेश अविवाहित था। दोनों मजदूरी का काम करते थे और थलेश का संतोषी के घर आना-जाना लगा रहता था।
बताया जा रहा है कि संतोषी शनिवार सुबह करीब 11 बजे बैंक जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
रविवार को दोनों के शव गांव से करीब 45 किलोमीटर दूर ग्राम परसोदा में पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक तौर पर दोनों के बीच प्रेम संबंध की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।