शिवनाथ नदी में मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी…

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी से एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह मामला महमरा घाट स्थित एनीकट का बताया जा रहा है, जहां सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में शव तैरता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। SDRF की टीम ने बोट की मदद से शव को नदी से बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शव करीब 3 से 4 दिन पुराना है और काफी सड़ चुका है, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। युवक के पास से कोई पहचान पत्र या सामान नहीं मिला है।

फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से मिलान कर पहचान की कोशिश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *