गाजियाबाद। छह महीने का बकाया किराया मांगना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हो गया। गाजियाबाद की ओरा चिमेरा सोसायटी में किराए पर दिए गए फ्लैट में महिला मालिक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि किरायेदार पति-पत्नी ने मिलकर पहले महिला पर कूकर से हमला किया, फिर दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए शव के टुकड़े कर उन्हें सूटकेस में भरकर बेड बॉक्स में छिपा दिया।
जानकारी के अनुसार मृतका दीपशिखा शर्मा (40) ओरा चिमेरा सोसायटी पहुंची थीं। परिवार का कहना है कि फ्लैट का छह महीने का किराया बकाया था। 17 दिसंबर की शाम दीपशिखा घर से किराया मांगने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन रात करीब 11:20 बजे तक घर नहीं लौटीं।
महिला के देर तक न लौटने पर परिजन चिंतित हुए और तलाश शुरू की। जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो सोसायटी का CCTV फुटेज चेक किया गया। फुटेज में दीपशिखा किरायेदार अजय गुप्ता के फ्लैट में जाते हुए दिखीं, लेकिन उसके बाद उनके बाहर निकलने का कोई फुटेज नहीं मिला।
शक होने पर परिवार सीधे फ्लैट पर पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला गया। शोर सुनकर पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए। भीड़ देखकर अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता भागने लगे, लेकिन लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो पति-पत्नी ने हत्या की बात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने फ्लैट के बेड बॉक्स से महिला का शव बरामद किया। शव के टुकड़े कर उन्हें सूटकेस में पैक किया गया था। शव देखते ही परिजन फूट-फूटकर रोने लगे, जिन्हें पुलिस ने संभाला।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने करीब 5 दिन पहले ही हत्या की साजिश रच ली थी। उनका प्लान था कि शव को सूटकेस में भरकर देर रात नदी में फेंक देंगे, लेकिन इससे पहले ही शक गहराने पर वे पकड़े गए।
पुलिस के मुताबिक, उमेश शर्मा हरियाणा के फरीदाबाद में एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर हैं। वह अपनी पत्नी दीपशिखा शर्मा के साथ सिहानी गेट इलाके में रहते हैं। उनका एक फ्लैट ओरा चिमेरा सोसायटी में है, जिसे उन्होंने जुलाई 2025 में अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता को किराए पर दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है।