समय-सीमा की बैठक संपन्न, प्रधानमंत्री आवास योजना की हुई गहन समीक्षा – कलेक्टर राजेन्द्र कटारा…

प्राथमिकता से राजस्व प्रकरणों के निराकरण करने के दिए निर्देश

पीवीटीजी महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर करें लाभान्वित

बलरामपुर। कलेक्टर राजेंद्र कटारा की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास, राजस्व प्रकरण, आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य, पेयजल की उपलब्धता सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अविवादित नामांतरण, सीमांकन, बटवारा सहित अन्य राजस्व प्रकरणों का त्वरित एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े राजस्व प्रकरणों, हाई कोर्ट में लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण करने को कहा। कलेक्टर ने एग्री स्टेक में जिले के सभी पात्र किसानों को शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंच सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना एवं पीएम जनमन आवासों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लक्ष्य अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वीकृत, पूर्ण एवं अपूर्ण आवासों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने लंबित आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने पीएम जनमन अंतर्गत स्वीकृत गतिविधियों की भी जानकारी लेकर प्रगति लाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कलेक्टर ने विशेष पिछड़ी जनजाति समूह की महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ने एवं उन्हें आजीविका गतिविधियों से लाभान्वित करने की बात कही उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संस्थागत प्रसव, एएनसी पंजीयन, आरसीएच पोर्टल में प्रविष्टि की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मोबाइल मेडिकल यूनिट के नियमित संचालन एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आयुष्मान भारत योजना एवं वय वंदन योजना के अंतर्गत कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी पात्र हितग्राहियों के कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें समय पर स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सके।
जल जीवन मिशन के तहत कार्यों की जानकारी लेते हुए कलेक्टर श्री कटारा ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संबंधी समस्याओं का चिन्हांकन कर तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। ताकि ग्रीष्मकालीन में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और लोगों को सुचारू रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने ग्राम पंचायत स्तर पर आमजनों को बाल विवाह के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत निर्धारित दंडात्मक प्रावधानों की जानकारी दे और इस प्रकार की घटनाओं की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, चेतन बोरघरिया, अभिषेक गुप्ता सहित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *