नीचे लटक रहे 11 केवी तारों पर कार्रवाई तेज, देवेंद्र यादव बोले- जनता की सुरक्षा से समझौता नहीं
भिलाई। खुर्सीपार जोन-4 क्षेत्र के वार्ड 46 दुर्गा मंदिर वार्ड सहित कई वार्डों में वर्षों से लोगों के लिए खतरा बने 11 केवी हाईटेंशन बिजली तारों को हटाने की दिशा में विधायक ने पहल तेज कर दी है। शनिवार को विधायक ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर मौके का निरीक्षण किया और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
क्षेत्रवासियों ने विधायक को बताया कि कई जगहों पर हाईटेंशन तार काफी नीचे लटक रहे हैं, जिससे लोगों को घर निर्माण में परेशानी हो रही है। साथ ही हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। नागरिकों ने बताया कि पूर्व में दो से तीन हादसे भी हो चुके हैं, जिसके चलते लोगों में भय का माहौल है।
इस गंभीर समस्या को विधायक देवेंद्र यादव पहले भी विधानसभा में ध्यानाकर्षण के माध्यम से उठा चुके हैं। उन्होंने बिजली कंपनी को नोटिस जारी कर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए थे। विधायक ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष से लगातार इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका समाप्त हो सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्ड क्रमांक 39, 40, 42, 45, 46 और 49 सहित प्रभावित क्षेत्रों में नीचे लटक रहे 11 केवी हाईटेंशन तारों को प्राथमिकता के आधार पर हटाने या शिफ्ट करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक देवेंद्र यादव ने बताया कि क्षेत्र बीएसपी के अधीन होने के कारण तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं लंबी हैं, लेकिन लोगों की सुरक्षा और सुविधा के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समस्या के स्थायी समाधान तक प्रयास लगातार जारी रहेंगे और जल्द ही क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।