विशेष लोक अभियोजक की नियुक्ति और पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता देने की मांग
भिलाई। खुर्सीपार में एक बच्ची के साथ हुई गंभीर घटना के मामले में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए पहल की है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर मामले में अनुभवी विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने की मांग की है। इसके साथ ही विधायक ने पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से विशेष मुआवजा राशि प्रदान करने का आग्रह भी किया है।
विधायक देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए मामले में प्रभावी न्यायिक पैरवी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए योग्य और अनुभवी विशेष लोक अभियोजक की नियुक्ति की जाए, ताकि न्यायालय में पीड़ित पक्ष का मजबूती से पक्ष रखा जा सके और दोषियों को कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई हो।
घटना से क्षेत्र में आक्रोश, न्याय दिलाना शासन की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में विधायक ने कहा है कि खुर्सीपार में बच्ची के साथ हुई गंभीर घटना ने भिलाई क्षेत्र के नागरिकों और परिवारों के बीच आक्रोश एवं चिंता पैदा की है। इस तरह की घटनाएं समाज में सुरक्षा की भावना और कानून-व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने कहा कि पीड़ित बच्ची और उसके परिवार को न्याय दिलाना शासन-प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मामले की न्यायिक प्रक्रिया में निष्पक्षता और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि पीड़ित पक्ष को जल्द न्याय मिल सके और दोषियों को विधि के अनुसार कठोर दंड दिया जा सके।