होटल में पैसों को लेकर विवाद, युवक की मौत: दुर्ग पुलिस ने आरोपी दबोचा…

पुराने पैसों के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, होटल में हुई मारपीट; एक आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने पुराने पैसों की वसूली को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

आरोपी प्रशांत राव

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 जनवरी 2026 को थाना सुपेला से मर्ग क्रमांक 0/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग डायरी प्राप्त हुई थी। मृतक की पहचान ऋषि निर्मलकर के रूप में हुई, जिसका पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने गवाहों और मृतक के पिता के बयान दर्ज किए।

मर्ग पंचनामा, गवाहों के कथन, शॉर्ट पीएम रिपोर्ट एवं स्पर्श अस्पताल की डेथ समरी के अवलोकन में सामने आया कि 24 जनवरी 2026 को होटल 36 इन, इंदिरा मार्केट, दुर्ग में पुराने पैसों की वसूली को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने ऋषि निर्मलकर के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इलाज के दौरान घायल युवक की मौत हो गई।

मामले में प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी प्रशांत राव पिता लक्ष्मण राव एवं अन्य साथियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 48/2026, धारा 103, 3(5) बीएनएस के तहत थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रशांत राव को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामला विवेचनाधीन है और दुर्ग पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई पूरी तत्परता से की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *