दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर एनकाउंटर: 5 लाख का इनामी ACM नक्सली ढेर, हथियार बरामद…

दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर मुठभेड़: 5 लाख का इनामी ACM नक्सली ढेर, INSAS-SLR समेत हथियार बरामद

बस्तर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में भैरमगढ़ एरिया कमेटी का एक एसीएम (ACM) नक्सली मारा गया। उसकी पहचान राजेश पुनेम के रूप में हुई है, जिस पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबलों को गीदम थाना क्षेत्र के गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा के बीच जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी और हथियार छिपाने की सूचना मिली थी। इसके बाद डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली।

जब जवान इलाके में घेराबंदी कर आगे बढ़ रहे थे, तभी 8-10 नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों तरफ से काफी देर तक गोलीबारी हुई। मुठभेड़ के बाद बाकी नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले।

सुरक्षाबलों ने जब घटनास्थल की तलाशी ली तो वहां से एक नक्सली का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान राजेश पुनेम के रूप में हुई। मौके से SLR रायफल, INSAS रायफल, पिस्टल, वॉकी-टॉकी, मैगजीन और बड़ी मात्रा में कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि भागे हुए अन्य नक्सलियों का पता लगाया जा सके। यह कार्रवाई बस्तर संभाग में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *