निगम की मंजूरी के बाद भी भिलाई में मुस्लिम समाज के भवन पर बवाल: हिंदू संगठनों का विरोध, भूमिपूजन रुका…

भिलाई में मुस्लिम समाज के सामुदायिक भवन पर बवाल: मंदिर होने का दावा, आमंत्रण विवाद, भूमिपूजन रुकवाने पहुंची पुलिस

भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-1 इलाके में गुरुवार सुबह उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब मुस्लिम समाज के लिए प्रस्तावित सामुदायिक भवन के भूमिपूजन को लेकर स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई। विरोध बढ़ने पर भूमिपूजन कार्यक्रम रोकना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की ओर से मुस्लिम समाज के सामुदायिक भवन को पहले ही स्वीकृति दी जा चुकी थी और निर्माण के लिए राशि भी पास हो चुकी थी। इसी स्वीकृति के आधार पर गुरुवार सुबह भूमिपूजन होना था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस परिसर में सामुदायिक भवन प्रस्तावित है, वहां पहले से एक पुराना मंदिर मौजूद है। लोगों ने कहा कि भवन बनने के बाद यहां खाने-पीने की व्यवस्था होगी, जिसमें नॉनवेज भोजन शामिल हो सकता है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होंगी।

हिंदू संगठन बजरंग दल के सह-संयोजक अजय सिंह ने आरोप लगाया कि भूमिपूजन कार्यक्रम में
हिंदू समाज के लोगों को आमंत्रित नहीं किया गया। केवल मुस्लिम समाज के लोग ही शामिल थे। यह भवन एक ही समुदाय के लाभ के लिए बनाया जा रहा है।

वहीं मुस्लिम समाज का कहना है कि सामुदायिक भवन की मांग संवैधानिक प्रक्रिया के तहत की गई थी और नगर निगम से अनुमति मिलने के बाद ही कार्यक्रम तय किया गया।

मुस्लिम समाज के सैयद मुस्ताक ने कहा- हमें कोई आपत्ति नहीं है। भवन बने तो भी ठीक, नहीं बने तो भी ठीक। हम वर्षों से भाईचारे के साथ रहते आए हैं और आगे भी शांति बनाए रखेंगे।

विवाद की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की समझाइश के बाद माहौल शांत हुआ। प्रशासन ने कहा है कि मामले की जांच कर नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम की मंजूरी के बावजूद मुस्लिम समाज के भवन पर विरोध, भिलाई में तनाव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *