दुर्ग। जिले के धमधा थाना क्षेत्र अंतर्गत धमधा-बेमेतरा मेन रोड स्थित बड़े पुल पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान भिलाई के जामुल क्षेत्र स्थित गणेश नगर वार्ड क्रमांक-5 निवासी पुनीत साहू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पुनीत साहू शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अपने दोस्तों दीपक वर्मन और विजय सिंह सहित अन्य के साथ धमधा घूमने गया था। वापसी के दौरान पुनीत सिरनाभाठा वेयरहाउस से जामुल की ओर जा रहे ट्रक (क्रमांक CG 07 CA 1141) में चालक के साथ बैठ गया, जबकि उसके दोनों दोस्त बाइक से ट्रक के पीछे-पीछे चल रहे थे।
दोपहर करीब 2:40 बजे बड़े पुल पर ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते पुनीत का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से नीचे गिर गया। पीछे के चक्के की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद दोपहर करीब 3:15 बजे पुनीत के दोस्त दीपक वर्मन ने फोन कर परिजनों को घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन और रिश्तेदार पवन साहू व भोला साहू तत्काल धमधा मौके के लिए रवाना हुए।
परिजनों ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि ट्रक के ऊपर चढ़ने से शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था। उन्होंने ट्रक चालक पर तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए धमधा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी दीपक वर्मन और विजय सिंह के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषी चालक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।