क्रूज शिप पर फैले हंटा वायरस से मची दहशत; 3 मरीज़ एयरलिफ्ट कर नीदरलैंड भेजे गए…

MV Hondius जहाज पर 3 लोगों की मौत के बाद अलर्ट, WHO की निगरानी में चल रहा रेस्क्यू और जांच अभियान

एम्स्टर्डम/केप वर्डे। अटलांटिक महासागर में फंसे डच क्रूज शिप MV Hondius पर फैले हंटावायरस संक्रमण ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। जहाज से तीन गंभीर मरीजों को एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए नीदरलैंड भेजा गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) इस पूरे मामले की निगरानी कर रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक जहाज पर अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य संक्रमित या संदिग्ध मरीजों की पहचान हुई है। जहाज में करीब 150 यात्री और क्रू सदस्य मौजूद हैं। स्वास्थ्य एजेंसियां संपर्क में आए लोगों की ट्रैकिंग और जांच कर रही हैं।

WHO ने बताया कि यह संक्रमण एंडीज स्ट्रेन हंटावायरस से जुड़ा हो सकता है, जो बेहद दुर्लभ माना जाता है। यह वायरस आमतौर पर संक्रमित चूहों के मल-मूत्र या लार के संपर्क से फैलता है। हालांकि एंडीज स्ट्रेन में सीमित मानव-से-मानव संक्रमण की संभावना भी बताई गई है।

बताया जा रहा है कि मेडिकल टीमों ने पीपीई किट और विशेष सुरक्षा इंतजामों के बीच मरीजों को एयर एम्बुलेंस से बाहर निकाला। जहाज फिलहाल स्पेन के कैनरी द्वीप की ओर बढ़ रहा है, जहां यात्रियों को क्वारंटीन और मेडिकल जांच के बाद उनके देशों भेजा जाएगा।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रूज उद्योग में स्वास्थ्य जांच और यात्रा सुरक्षा नियम और सख्त किए जा सकते हैं। WHO ने फिलहाल आम लोगों के लिए खतरे का स्तर कम बताया है, लेकिन निगरानी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *