खिलाड़ियों के लिए राहत की तैयारी: शांति नगर दशहरा मैदान का निगम आयुक्त ने किया निरीक्षण, किराया और सुरक्षा निधि में संशोधन के निर्देश
भिलाई नगर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त ने मंगलवार को शांति नगर स्थित दशहरा मैदान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मैदान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां अभ्यास कर रहे स्थानीय खिलाड़ियों तथा आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
संवाद के दौरान खिलाड़ियों ने आयुक्त को बताया कि मैदान के उपयोग के लिए निर्धारित 2 लाख रुपए की सुरक्षा निधि और ईओआई में प्रस्तावित वार्षिक किराया राशि काफी अधिक है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं और खेल समितियों को मैदान का उपयोग करने में कठिनाई हो सकती है।
खिलाड़ियों और नागरिकों की बातों को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने मौके पर ही उपस्थित कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिए कि मैदान के उपयोग से संबंधित नियमों में संशोधन के लिए महापौर परिषद में पुनर्विचार की प्रक्रिया शुरू की जाए। इसका उद्देश्य किराया दरों और सुरक्षा निधि को तर्कसंगत बनाना है, ताकि स्थानीय समितियों और खेल प्रेमियों को मैदान का अधिक लाभ मिल सके।
आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि मैदान के प्रबंधन के लिए ‘रुचि की अभिव्यक्ति’ (EOI) आमंत्रित करने का उद्देश्य केवल व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना था, ताकि युवाओं को अच्छी खेल सुविधाएं मिल सकें और मैदान का रखरखाव व्यवस्थित तरीके से हो सके।
निरीक्षण के दौरान निगम प्रशासन को यह भी निर्देश दिया गया कि बड़े स्तर के खेल आयोजनों के लिए मैदान का संधारण शुल्क ₹10,000 से अधिक न रखा जाए। इसके साथ ही मैदान के रखरखाव के लिए प्रति व्यक्ति मासिक मेंटेनेंस शुल्क ₹250 से अधिक नहीं रखने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है, ताकि आयोजन आसानी से हो सकें और मैदान का रखरखाव भी सुनिश्चित हो।
आयुक्त ने कहा कि भिलाई की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देना निगम की प्राथमिकता है। नियमों में संशोधन का प्रस्ताव लाकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सार्वजनिक संसाधनों का लाभ बिना किसी बाधा के सीधे स्थानीय खिलाड़ियों और आम नागरिकों को मिल सके।