नशे में धुत दामाद का हाईवोल्टेज ड्रामा, 60 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ा, रेस्क्यू टीम को देख अंदर कूद गया‌…

बालोद‌। बालोद जिले के सुवरबोड गांव में सोमवार सुबह नशे में चूर दामाद पूना राम मंडावी (35) ने ससुराल वालों से विवाद के बाद 60 फीट ऊंची जल जीवन मिशन की पानी टंकी पर चढ़कर हाईवोल्टेज ड्रामा रच दिया। लगभग सुबह 9 बजे शुरू हुए इस हंगामे ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया, जब वह न तो उतरने को तैयार हुआ और न ही पुलिस की समझाने की कोशिशों पर ध्यान दिया।

जानकारी के अनुसार परिवारिक विवाद में नाराज पूना राम ने नशे के आगोश में आकर टंकी पर चढ़ाई कर ली। ग्रामीणों ने घंटों समझाने की कोशिश की, लेकिन वह जिद पर अड़ा रहा। जैसे ही बालोद पुलिस और नगर पालिका की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, उसने टंकी का ढक्कन खोलकर अंदर कूद लिया, जहां पानी भरा हुआ था। इस हरकत ने बचाव कार्य को और जटिल बना दिया।

पुलिस और रेस्क्यू टीम ने तुरंत टंकी से पानी खाली कराने का फैसला लिया। लगभग ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पूना राम को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने बताया कि नशे के अलावा उसकी मानसिक स्थिति भी संदिग्ध लग रही है, इसलिए कोई चोट न लगे इसका पूरा ध्यान रखा गया।

एसपी मनीष सिसोदिया ने बताया कि दामाद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। मामला परिवारिक विवाद का लगता है, लेकिन आगे जांच की जाएगी। गांववासियों ने इसे शोले फिल्म के वीरू जैसा ड्रामा करार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *