मांगें नहीं मानी तो चैंबर में घुसकर कालिख पोतेंगे-हिन्दू युवा मंच का निगम प्रशासन को अल्टीमेटम…

भिलाई नगर निगम में कथित करोड़ों के भ्रष्टाचार के खिलाफ हिन्दू युवा मंच का प्रदर्शन, भ्रष्टाचार का बजट बनाकर आयुक्त को सौंपा, कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

भिलाई। भिलाई नगर निगम में कथित करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार के विरोध में हिन्दू युवा मंच के कार्यकर्ताओं ने निगम मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के बजट को “भ्रष्टाचार का दस्तावेज” बताते हुए उसे प्रतीकात्मक रूप से ‘भ्रष्टाचार का बजट’ बनाकर निगम प्रशासन को सौंपा।

हिन्दू युवा मंच ने नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडे को 9-10 सूत्रीय नहीं बल्कि 11 बिंदुओं वाला ज्ञापन सौंपा। इसमें शहीद उद्यान में बिना निविदा शुल्क वसूली, सफाई कार्यों में अनियमितताएं, उद्यान रखरखाव, कमीशनखोरी और विकास कार्यों में करोड़ों की हेराफेरी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए।

हिन्दू युवा मंच के भिलाई महानगर अध्यक्ष कमल रणदिवे ने प्रदर्शन के दौरान तीखे शब्दों में कहा कि :-                                           

“महापौर साहब, हमने करोड़ों के भ्रष्टाचार का बजट पेश किया है। करोड़ों का बजट है हमारा, थोड़ा हमारे ऊपर भी ध्यान दीजिए। आज यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण है, नहीं तो ये युवा गेट तोड़कर अंदर भी जा सकता है।”

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और अधिक उग्र व व्यापक रूप दिया जाएगा।

कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा:-

“पुलिस प्रशासन हमें रोक लेगी क्या? अगर इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, तो हम चैंबर में घुसकर कालिख पोत सकते हैं।”

प्रदर्शन को देखते हुए नगर निगम मुख्यालय के गेट पर पुलिस बल तैनात किया गया था। हालांकि कार्यकर्ताओं ने निगम परिसर के बाहर ही प्रदर्शन किया और मांग पूरी न होने पर आगे उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

यह प्रदर्शन स्थानीय स्तर पर युवाओं में बढ़ते आक्रोश को दर्शाता है। संगठन का कहना है कि जनता की शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *