दरभंगा में झोलाछाप इलाज बना जानलेवा: अंगूठे की मामूली चोट पर लगाया इंजेक्शन, महिला की मौत; आरोपी दुकानदार फरार…

दरभंगा।‌ दरभंगा जिले में झोलाछाप इलाज का एक और खौफनाक मामला सामने आया है। इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान अनिता देवी (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो लक्ष्मण शाह की पत्नी थीं। यह घटना एपीएम थाना क्षेत्र के सीरनिया वार्ड संख्या-13 की है।

परिजनों के अनुसार, रविवार शाम अनिता देवी के पैर के अंगूठे में मामूली चोट लग गई थी। इलाज के लिए पति लक्ष्मण शाह उन्हें गांव में ही निजी प्रैक्टिस करने वाले दवा दुकानदार शिवजी शाह के पास लेकर गए। आरोप है कि शिवजी शाह ने बिना किसी जांच के महिला को इंजेक्शन लगा दिया।

इंजेक्शन लगते ही अनिता देवी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कुछ ही देर में हालत गंभीर हो गई और इलाज का कोई इंतजाम हो पाता, उससे पहले ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतका के भाई संतोष शाह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शिवजी शाह की दवा दुकान पर इलाज के दौरान पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। बताया गया कि शिवजी शाह करीब 10 वर्षों से दवा दुकान चला रहा था और गांव में झोलाछाप इलाज करता था। घटना के बाद से ही वह फरार बताया जा रहा है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों ने बताया कि अनिता देवी के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं और परिवार बेहद गरीब है। पत्नी की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग भी की है। फिलहाल पुलिस आरोपी दवा दुकानदार की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *