फ्लैग मार्च के साए में खून: जामुल में हेमंत की दोस्त ने ही ले ली जान: पास में होली दहन की तैयारी भी चल रही थी…

दिन में फ्लैग मार्च, रात में खून की वारदात: जामुल में दोस्त ने दोस्त को उतारा मौत के घाट, शॉकब से सिर कुचलकर हत्या

दुर्ग। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दिन में इलाके में पुलिस का फ्लैग मार्च हुआ और रात होते-होते एक युवक की हत्या ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया।

मृतक की पहचान हेमंत साहू उर्फ़ भूरु के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसी के दोस्त आशीष साहू पर है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के मुताबिक हेमंत ड्यूटी से लौटकर अपने घर पहुंचा था। देर शाम आशीष ने उसे फोन कर बाहर बुलाया। दोनों की पुरानी दोस्ती थी, इसलिए हेमंत बिना किसी शक के उसके साथ चला गया।

बताया जा रहा है कि सुनसान स्थान पर किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आशीष ने लोहे के शॉकब (धातु के औजार) से हेमंत के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आरोपी मौके से फरार हो गया।

जब देर रात तक हेमंत घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। मोबाइल बंद मिलने से चिंता बढ़ गई। कुछ समय बाद घायल अवस्था में पड़े युवक की सूचना मिली। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कॉल डिटेल और स्थानीय जानकारी के आधार पर शक की सुई आशीष पर गई। पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल कर ली।

जामुल थाना पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद हत्या की वजह सामने आई है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

दिन में फ्लैग मार्च से लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिला था, लेकिन रात में हुई इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर करीबी दोस्त ही जानलेवा बन जाए, तो भरोसे की बुनियाद हिल जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *