भिलाई। प्रतिबंधित चीनी मांझा के अवैध विक्रय की सूचना मिलने पर नगर पालिक निगम भिलाई एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय एवं नगर पुलिस अधीक्षक को प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ दुकानदार चोरी-छिपे चीनी मांझा बेच रहे थे।
आयुक्त के निर्देश पर निगम एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में दुकानों की जांच की। जांच के दौरान किसी भी दुकान में प्रतिबंधित चीनी मांझा नहीं पाया गया। हालांकि दुकानदारों को कड़ी हिदायत दी गई कि भविष्य में चीनी मांझा की खरीदी-बिक्री करते पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निगम अधिकारियों ने बताया कि अक्सर देखा जाता है कि कुछ दुकानदार अपने निजी लाभ के लिए चोरी-छिपे दुकानों में चीनी मांझा रखकर नागरिकों एवं बच्चों को बेच देते हैं, जबकि यह पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है। चीनी मांझा अत्यंत खतरनाक होता है, जिस पर कांच की परत लगी रहती है। इससे नागरिकों एवं बच्चों के शरीर के कटने का गंभीर खतरा बना रहता है और कई बार जानलेवा दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
नगर निगम भिलाई ने दुकानदारों और नागरिकों से अपील की है कि चीनी मांझा न खरीदें और न ही इसका विक्रय करें। यह कानूनन अपराध है और इससे जन-सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न होता है।
इस कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक राजस्व अधिकारी, बेदखली प्रभारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी, जोन स्वच्छता अधिकारी, सुपरवाइजर, बेदखली दल, सुपेला थाना के अधिकारी-कर्मचारी सहित निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।