भक्ति की आड़ में बड़ा हाथ! भिलाई के इच्छापूर्ति मंदिर में LIVE चोरी, CCTV में कैद प्रणाम वाली चोरनी…

भिलाई। शहर के इच्छापूर्ति दुर्गा-गणेश मंदिर में आस्था की आड़ में चोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरे में एक महिला की पूरी हरकत LIVE रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें वह पहले श्रद्धालु की तरह मंदिर में प्रवेश कर पूजा करती नजर आती है और फिर मौका पाकर चांदी का मुकुट व छोटी मूर्तियां बैग में डालकर चोरी कर लेती है।

CCTV फुटेज के अनुसार महिला मंदिर में सामान्य श्रद्धालु की तरह आई। उसने पहले देवी-देवताओं के सामने माथा टेका, कुछ देर इधर-उधर देखा, फिर चुपचाप चांदी का मुकुट और मूर्तियां अपने बैग में रख लीं, और जाते समय दोबारा हाथ जोड़कर प्रणाम करते हुए मंदिर से बाहर निकल गई।

घटना के बाद जब मंदिर समिति ने जांच की तो चोरी का पता चला। इसके बाद CCTV फुटेज खंगाला गया, जिसमें महिला की पूरी करतूत साफ दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

मंदिर समिति ने दी शिकायत:-

मंदिर समिति की ओर से बताया गया कि चोरी गई सामग्री में चांदी का मुकुट और अन्य पूजन सामग्री शामिल है। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस थाने को दे दी गई है और CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के इलाकों के CCTV कैमरों की भी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी महिला को पकड़ने का दावा पुलिस ने किया है।

मंदिर में हुई इस घटना को लेकर श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि आस्था के स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *