भिलाई। घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी होने पर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता पहले ही परेशान है, ऐसे में एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाकर सरकार ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
वोरा ने कहा कि रसोई गैस हर घर की जरूरत है और इसकी कीमत में बढ़ोतरी का सीधा असर परिवारों के मासिक बजट पर पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है। पेट्रोल, डीजल और खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के बीच गैस सिलेंडर महंगा होना आम लोगों की कमर तोड़ने वाला कदम है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की वृद्धि की गई है, जो पिछले तीन महीनों में दूसरी बढ़ोतरी है। नई दर लागू होने के बाद कई शहरों में 14.2 किलोग्राम घरेलू सिलेंडर की कीमत 942 रुपये तक पहुंच गई है।
वोरा ने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने से पहले रसोई गैस के दाम कम करने और महंगाई पर नियंत्रण का वादा किया था, लेकिन आज स्थिति इसके विपरीत है। उन्होंने केंद्र सरकार से बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने और आम उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।
कांग्रेस नेता ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से घरेलू महिलाओं, मजदूरों, किसानों और नौकरीपेशा लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। यदि सरकार ने जल्द राहत नहीं दी तो जनता का आक्रोश और बढ़ेगा।