अबू धाबी जा रही फ्लाइट अचानक रोकी गई, एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप
टेकऑफ से ठीक पहले विंग में तकनीकी गड़बड़ी, इमरजेंसी टीम तुरंत पहुंची
सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया, एयरलाइन ने फ्लाइट रद्द की
चेन्नई। चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार को बड़ा विमान हादसा टल गया, जब अबू धाबी जाने वाली Etihad Airways की फ्लाइट में टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी गड़बड़ी सामने आ गई। शुरुआती जांच में विमान के लेफ्ट विंग से धुआं और आग जैसी स्थिति की बात कही गई, जिसके बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट में करीब 280 यात्री सवार थे। विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था तभी पायलटों ने विंग के पास असामान्य स्थिति देखी और तुरंत टेकऑफ रोक दिया। इसके बाद इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री या क्रू मेंबर को कोई चोट नहीं आई।
फायर सर्विस और एयरपोर्ट की इमरजेंसी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। बाद में विमान को वापस स्टैंड पर ले जाया गया और फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। कुछ रिपोर्ट्स में इसे हाइड्रोलिक लीकेज और तकनीकी खराबी बताया गया है, जबकि एयरलाइन ने आधिकारिक तौर पर “टेक्निकल इश्यू” की पुष्टि की है।
Etihad Airways ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और तकनीकी टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है।