स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 10 यात्री जिंदा जले; लॉरी से टक्कर के बाद मचा कोहराम…

चित्रदुर्ग‌।  कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। हिरियूर तालुक के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग NH-48 पर स्थित गोरलाथु क्रॉस के पास एक प्राइवेट स्लीपर बस और लॉरी की आमने-सामने की टक्कर के बाद बस में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 10 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तड़के करीब 2:30 बजे बेंगलुरु से शिवमोगा गोकार्णा की ओर जा रही एक निजी स्लीपर बस NH-48 पर तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक लॉरी अचानक डिवाइडर पार कर बस की लेन में घुस गई। दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हुई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का फ्यूल टैंक क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही पलों में बस आग की लपटों में घिर गई। आग तेजी से फैलने के कारण कई यात्री बाहर निकलने का मौका नहीं पा सके और बस के अंदर ही फंस गए।

हादसे के वक्त बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें अधिकतर यात्री जिंदा जल गए। कुछ यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर या पीछे के हिस्से से कूदकर जान बचाई।

हादसे की सूचना मिलते ही हिरियूर पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को हिरियूर, चित्रदुर्ग और कुछ को बेंगलुरु के बड़े अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लॉरी चालक को झपकी आ गई थी या वाहन का संतुलन बिगड़ने से वह डिवाइडर पार कर गया। हादसे की विस्तृत जांच जारी है। बस और लॉरी दोनों के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। यह घटना एक बार फिर हाईवे पर रात के समय तेज रफ्तार, थकान में ड्राइविंग और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और परिजनों को मुआवजे को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हादसे से जुड़े अन्य अपडेट और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *