अंडर-19 एवं अंडर-13 जिला शतरंज चैंपियनशिप 4 जुलाई से, 6 चक्रों में होगी प्रतियोगिता
जिला शतरंज संघ दुर्ग के तत्वावधान में अंडर-19 एवं अंडर-13 जिला शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन 4 जुलाई से किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 10 बजे महापौर नीरज पाल करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्मृति नगर गृह निर्माण सहकारी संस्था मर्यादित के अध्यक्ष राजीव चौबे करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी कैलाश जैन बरमेचा, इंटरनेशनल आर्बिटर अलंकार भिवगड़े तथा शतरंज प्रशिक्षक सुरेंद्र बल्लेवार उपस्थित रहेंगे।
जिला शतरंज संघ दुर्ग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत और सचिव तुलसी सोनी ने बताया कि प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय शतरंज नियमों के अनुसार आयोजित होगी। मुकाबले कुल 6 चक्रों (राउंड) में खेले जाएंगे। हालांकि प्रतिभागियों की संख्या के आधार पर राउंड की संख्या घटाई या बढ़ाई भी जा सकती है।
प्रतियोगिता में अंडर-19 वर्ग में बालक और बालिका तथा अंडर-13 वर्ग में बालक और बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। सभी वर्गों के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी मिलेगा।
यह प्रतियोगिता जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रतिस्पर्धी शतरंज में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी।