फुल क्रीम से लेकर टोंड और काउ मिल्क तक ₹2 प्रति लीटर महंगा, बढ़ती लागत और किसानों को ज्यादा भुगतान बना वजह
नई दिल्ली। देशभर में आम लोगों पर महंगाई का एक और झटका लगा है। अमूल के बाद अब Mother Dairy ने भी दूध की कीमतों में ₹2 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। नई दरें 14 मई 2026 से लागू होंगी।
कंपनी के अनुसार, किसानों से दूध खरीदने की लागत में पिछले एक साल में करीब 6% की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा पशु चारा, पैकेजिंग और ईंधन खर्च बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया।
दिल्ली-NCR में अब मदर डेयरी फुल क्रीम दूध ₹70 से बढ़कर ₹72 प्रति लीटर हो जाएगा। टोंड दूध ₹58 से ₹60, काउ मिल्क ₹60 से ₹62 और डबल टोंड दूध ₹52 से ₹54 प्रति लीटर मिलेगा। टोकन मिल्क की कीमत भी ₹56 से बढ़ाकर ₹58 प्रति लीटर कर दी गई है।
इससे पहले अमूल ने भी अपने प्रमुख दूध वेरिएंट्स की कीमतों में ₹2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की थी। दोनों कंपनियों का कहना है कि यह बढ़ोतरी किसानों को बेहतर भुगतान सुनिश्चित करने और उत्पादन लागत संतुलित करने के लिए जरूरी थी।
लगातार बढ़ती खाद्य महंगाई के बीच दूध की कीमतों में यह इजाफा सीधे मध्यम वर्ग और रोजमर्रा के उपभोक्ताओं की जेब पर असर डाल सकता है।