दुर्ग। भिलाई के धमधा नाका स्थित रेलवे ओवरब्रिज से निगम कर्मचारी के कूदने की घटना ने स्थानीय स्तर पर हड़कंप मचा दिया। यह हादसा 4 फरवरी 2026 को शाम के समय हुआ, जब युवक ने करीब 20 फीट की ऊंचाई से रेलवे ट्रैक पर छलांग लगा दी।
युवक भिलाई नगर निगम का कर्मचारी भानुप्रताप है, जो ओवरब्रिज पर लंबे समय तक घूमता नजर आया। अचानक वह रेलिंग फांदकर नीचे कूद गया। ट्रैक पर गिरने से उसका पैर बुरी तरह टूट गया, लेकिन ट्रेन न आने से उसकी जान बच गई।
स्थानीय लोगो ने शोर मचाकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।घायल कर्मचारी ने अस्पताल पहुंचने पर बताया कि घरवाले उसे पागल या मेंटल कहकर तंग करते हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि मामा के लड़के गुंडे भेजकर उसे मारने की कोशिश कर चुके हैं। पारिवारिक कलह और लंबे समय से चली आ रही प्रताड़ना के कारण वह गहरे मानसिक तनाव में था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में पीड़ित के बयान दर्ज किए गए हैं, लेकिन परिवार के सदस्यों से अभी पूछताछ बाकी है। भानु प्रताप की पत्नी ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं थी वह घर से बिना बताए गया था और बाद में घायल होने की सूचना मिली। फिलहाल अस्पताल में उसके पैर का ऑपरेशन किया जा रहा है और हालत स्थिर बताई जा रही है।
ऐसी घटनाएं मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक विवादों पर ध्यान देने की जरूरत बताती हैं। लोगो से अपील है कि तनावग्रस्त व्यक्ति को सहारा दें।