खड़गवां। खड़गवां थाना क्षेत्र के ग्राम लकरापारा में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पति देवनारायण सिंह (20 वर्ष) ने अपनी पत्नी खवीना सिंह की हत्या करने के बाद शव को पंखे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो। घटना के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद थाने पहुंचकर झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच्चाई सामने आ गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 जनवरी 2026 को ग्राम लकरा पारा निवासी देवनारायण सिंह ने खड़गवां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि उसकी पत्नी खवीना सिंह ने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
मृतका नवविवाहिता होने के कारण कार्यपालन दंडाधिकारी की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई की गई। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मामले की गहन जांच की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी पति देवनारायण सिंह अक्सर अपनी पत्नी खवीना सिंह के साथ मारपीट करता था। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने हत्या कर शव को पंखे से लटकाने की बात स्वीकार कर लिया है।
खड़गवां पुलिस ने आरोपी पति देवनारायण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।